वही ख़ूबसूरत आंखें, वही ख़ूबसूरत मुस्कान सिर पर कोई बाल नहीं लेकिन चेहरे पर कोई शिकन नहीं. एयरपोर्ट पर हाथ जोड़कर फ़ैंस का शुक्रिया अदा किया.
कुछ ऐसी ही दिखीं न्यूयॉर्क से कैंसर का इलाज कराकर भारत लौटीं बॉलीवुड अदाकारा सोनाली बेंद्रे.
साथ में थे पति गोल्डी बहल जो सोनाली की बांहों में बांहें डाले नज़र आए
कैंसर के इलाज के लिए क़रीब छह महीने अमरीका में रहीं सोनाली बेंद्रे सोमवार सुबह मुंबई लौट आईं.
सोनाली के पति गोल्डी बहल ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "सोनाली ठीक हो रही हैं. अब वो हमेशा के लिए वापस आ गई हैं. अभी के लिए इलाज ख़त्म हो गया है. हालांकि बीमारी फिर वापस आ सकती है इसलिए लगातार चेकअप होता रहेगा."
उन्होंने पोस्ट में लिखा-
"लोग कहते हैं कि दूरियां दिलों को क़रीब लाती हैं. हां, ऐसा होता है. लेकिन दूरियां हमें जो सबक़ देती हैं, उन्हें भी कम करके नहीं आंकना चाहिए.
मैं जब घर से दूर न्यूयॉर्क शहर में थी तब मुझे अहसास हुआ कि कितनी सारी कहानियों के बीच चल रही हूं. हर कहानी कुछ अलग अंदाज़ में अपना चैप्टर लिखने की कोशिश कर रही थी. वहां हर शख़्स संघर्ष कर रहा था लेकिन कोई मैदान छोड़कर भागने को तैयार नहीं था.
अब मैं वापस उस रास्ते पर आ रही हूं जहां मेरा दिल है. ये एक ऐसा अहसास है जिसे मैं शब्दों में बयान नहीं कर सकती. लेकिन मैं कोशिश कर रही हूं- ये मेरे परिवार और दोस्तों को दोबारा देख पाने की ख़ुशी है. ये वो कर पाने का उत्साह है जिससे मुझे प्यार है और सबसे ज़्यादा आभार उस सफ़र के लिए जो मैंने इस लम्हे तक तय किया है.
लड़ाई अभी ख़त्म नहीं हुई है लेकिन मैं ख़ुश हूं और इस ख़ुशनुमा इंटरवल का इंतज़ार कर रही हूं. मेरे लिए ये सीखने का वक़्त है कि बाहर की दुनिया में कुछ नया है जो पूरी तरह सामान्य है. मैं इन सबको गले लगाने के लिए बेताब हूं.
ज़िंदगी के साथ मेरा एडवेंचर जारी है और मैं क्रिस मार्टिन का ये गाना सुन रही हूं- एवरीथिंग यू वॉन्ट इज़ अ ड्रीम अवे..."
सोनाली की इस पोस्ट को एक लाख से ज़्यादा लोगों ने 'लाइक' किया है और इस पर 1,500 से ज़्यादा कमेंट्स आए हैं.
लोगों ने सोनाली की वापसी का दिल खोलकर स्वागत किया है और सेहत में सुधार के लिए शुभकामनाएं दी हैं. सोशल मीडिया पर सोनाली के भारत लौटने की ख़ासी चर्चा है.
No comments:
Post a Comment